
श्रावण मास के पावन कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्तों की सेवा के लिए हिंदू सुरक्षा सेवा संघ, हरिद्वार द्वारा जल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हनुमान गढ़ी, अयोध्या धाम के महंत राजू दास जी महाराज के निर्देशानुसार आयोजित इस सेवा कार्य में संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों को शीतल जल वितरित कर उनकी सेवा की।इस अवसर पर प्रदेश धर्माचार्य पंडित राजकुमार दास जी ने कहा कि श्रावण मास में कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है। उन्होंने कहा कि शिवभक्त कठिन यात्रा कर हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सेवा और सुविधा का ध्यान रखना प्रत्येक सनातनी का दायित्व है।हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के प्रदेश प्रभारी विक्रांत शर्मा ने कहा कि संगठन शिवभक्तों की सेवा को अपना सौभाग्य मानता है। कांवड़ मेले के दौरान संघ के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी धर्म, समाज और जनसेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।जल वितरण के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने शीतल जल ग्रहण किया। इस दौरान “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।इस अवसर पर गौरव शर्मा, विजेंद्र सिंह, सत्यम कुमार, सौरभ शर्मा, नीलू चौहान, हर्ष चौहान, रोहित गुप्ता, संजय कुमार, अनिल लाला, विकास चौहान एवं लवलीन कुमार सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।संघ की ओर से सभी शिवभक्तों की सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय कांवड़ यात्रा की कामना की गई।

