प

सीएचसी बहादराबाद में अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू, सप्ताह में दो दिन गर्भवती महिलाओं को मिलेगी सुविधा

अप्रैल से अक्टूबर तक 38,263 लाभार्थियों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं, अक्टूबर माह में कराए गए 52 प्रसव

हरिद्वार 06 नवंबर

   सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहादराबाद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अल्ट्रासाउंड सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डॉ. आर.के. सिंह से प्राप्त निर्देशों के क्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर द्वारा केंद्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा का शुभारंभ किया गया। सेवा शुरू होने के प्रथम दिन डॉ. अंतिमा एवं डॉ. यशपाल तोमर द्वारा दो गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि सीएचसी बहादराबाद में अल्ट्रासाउंड सेवाओं को नियमित रूप से संचालित करने के लिए डॉ. राकेश को सप्ताह में दो दिन अल्ट्रासाउंड जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी तथा उन्हें इसके लिए अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
 चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। भविष्य में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल्द ही केंद्र में सिजेरियन (सी-सेक्शन) प्रसव की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बेहतर एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

उन्होंने बताया कि सीएचसी बहादराबाद में माह अक्टूबर के दौरान कुल 5,151 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया गया, जिनमें 3,315 नए मरीज तथा 1,836 पुराने मरीज शामिल हैं। वहीं अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक कुल 38,263 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवधि में 610 मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार किया गया।
प्रसव सेवाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल 52 प्रसव कराए गए, जबकि अप्रैल से अक्टूबर तक कुल 358 प्रसव सफलतापूर्वक कराए जा चुके हैं। वर्तमान में केंद्र में 24 घंटे सातों दिन आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं एवं संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा आमजन को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सीएचसी बहादराबाद में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने तथा आगामी समय में सिजेरियन प्रसव सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं एवं अन्य मरीजों को काफी लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *