*श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील**10 फीट चौड़ाई एवं 12 फीट ऊंचाई से अधिक मानकों के विपरीत कांवड़ एवं डीजे को नारसन बॉर्डर से लौटाया जा रहा है**भारी वर्षा से प्रभावित जलभराव क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जल निकासी के त्वरित निर्देश दिए**नारसन बॉर्डर से हरिद्वार तक सुरक्षा, यातायात एवं कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया विस्तृत जायजा**हरिद्वार, 06 अगस्त 2026* कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान हो रही भारी वर्षा के बावजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने गुरुवार को नारसन बॉर्डर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीमा पर तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी चेक पोस्टों एवं ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न स्टेकहोल्डर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) द्वारा कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए भंडारों एवं सेवा शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन हो रहा है तथा प्रशासन एवं पुलिस के समन्वित प्रयासों से कांवड़ यात्रा सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रियों से संवाद करते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुचारु एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार 10 फीट चौड़ाई एवं 12 फीट ऊंचाई से अधिक आकार की कांवड़ तथा मानकों के विपरीत संचालित डीजे को जनपद की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले सभी डीजे एवं कांवड़ को नारसन बॉर्डर से वापस किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सीमा पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वाहन एवं डीजे की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन जांच सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारी वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की प्रभावी एवं त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन एवं कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नारसन बॉर्डर से हरिद्वार तक यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से संयम, अनुशासन एवं प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए सुरक्षित एवं सफल कांवड़ यात्रा में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार विकास अवस्थी,अपर तहसीलदार रुड़की शुभांगिनी सहित पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Related Posts
प्रमुख सचिव मा. मुख्यमंत्री श्री आर.के. सुधांशु से ओलंपिक पदक विजेता विश्व विख्यात बाक्सर एवं भूतपूर्व राज्यसभा सदस्य मैरीकाम जी ने शिष्टाचार भेंट की
इस अवसर पर कॉर्पाेरेट एवं गैर-सरकारी संगठनों के सहयोग से खेल क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभाओं…
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 135वें संस्करण को सुना।
हरिद्वार 28 जून 2026 इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’…
**प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ग्राम पंचायत टोडा कल्याणपुर एहतमाल में खुली बैठक आयोजित**
हरिद्वार, 10 जुलाई, 2026* प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत भारत सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार लाभार्थियों की पात्रता…

