बॉर्डर के चार मार्ग भी प्रभावित
पिथौरागढ़ में 20 सड़क मार्ग बंद, बॉर्डर के चार मार्ग भी प्रभावित; आज कई सड़कों के खुलने की उम्मीद
पिथौरागढ़। जिले में लगातार बारिश के बीच सड़क मार्गों के अवरुद्ध होने का सिलसिला जारी है। जिला प्रशासन की ओर से 6 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जनपद में कुल 20 सड़क मार्ग बंद हैं। इनमें 16 ग्रामीण मार्ग और चार बॉर्डर सड़कें शामिल हैं। सभी मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की ओर से कार्य प्रगति पर है।
बीआरओ के चार मार्गों में धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग कुलागढ़, तवाघाट-गुंजी मोटर मार्ग के कई किलोमीटर, तवाघाट-सोबला मोटर मार्ग के पांगबांबी तथा जौलजीबी-मुनस्यारी मोटर मार्ग के ब्लमारा क्षेत्र में यातायात प्रभावित है। इन मार्गों को रविवार को अलग-अलग समय तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग के कई ग्रामीण मार्ग भी बंद हैं। इनमें सोबला-उमचिया, होकरा-नामिक, एलागाड़-जुम्मा, घापावैंड-बुई-पातों, बॉसबगड़-कोटा, मदकोट-दारमा, घट्टाबगड़-तांकुल, तपोवन-रॉथी, मदकोट-फाफा, देवीसौना-गराली-कूटा और कनालीछीना-पीपली मार्ग शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार अधिकांश स्थानों पर सड़क खोलने का कार्य जारी है। कुछ मार्गों को 6 सितंबर को ही खोलने का संभावित समय निर्धारित किया गया है, जबकि कुछ ग्रामीण मार्गों को 10 से 15 सितंबर तक खोलने का लक्ष्य है।

