एचआरडीए के सचिव मनीष सिंह संभालेंगे अब कुमाऊं में बड़ी जिम्मेदारी

हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सचिव मनीष सिंह को उनके वर्तमान पद से पदमुक्त कर दिया गया है। मनीष सिंह अब कुमाऊं मंडल में बड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे।
शासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार मनीष सिंह को अब सचिव झील विकास प्राधिकरण नैनीताल की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही उन्हें महाप्रबंधक कुमाऊं मंडल विकास निगम के पद का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। उनके स्थानांतरण के साथ ही एचआरडीए में सचिव का महत्वपूर्ण पद फिलहाल रिक्त हो गया है। एचआरडीए के नए सचिव की अभी शासन ने तैनाती नहीं की है। बताया जा रहा है कि जल्द ही इस संबंध में शासनादेश जारी हो जाएगा।
मनीष सिंह ने हरिद्वार में सचिव एचआरडीए के रूप में लंबे समय तक कार्य करते हुए विकास योजनाओं को गति देने, अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा विभिन्न प्रशासनिक और नियामकीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल के दौरान प्राधिकरण ने कई बड़े अतिक्रमण और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई कर सुर्खियां बटोरी। मिलनसार मनीष सिंह अपने व्यवहार से सभी के दिलों पर राज करते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान प्राधिकरण को कई उपलब्धियां हासिल कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *