इम्पैक्ट इंडिया समिट 2026 में वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा एवं परमानन्द पोपली को मिला प्रतिष्ठित सम्मान
देशभर की लगभग 100 समाजसेवी संस्थाओं की सहभागिता के बीच समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हुए सम्मानित
हरिद्वार/नई दिल्ली। धर्मनगरी हरिद्वार के लिए यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि वरिष्ठ नागरिक महासभा के संस्थापक अध्यक्ष एवं ट्री ट्रस्ट ऑफ इंडिया के संरक्षक, वरिष्ठ समाजसेवी श्री जगदीश लाल पाहवा तथा वरिष्ठ समाजसेवी श्री परमानन्द पोपली जी को समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली स्थित गांधी पीस फाउंडेशन में बियॉन्ड द थर्ड आई न्यूज़ (Beyond The Third Eye News) द्वारा आयोजित भव्य समारोह इम्पैक्ट इंडिया समिट 2026 में देशभर से लगभग 100 समाजसेवी संस्थाओं ने प्रतिभाग किया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में समाज के उत्थान एवं निःस्वार्थ जनसेवा के लिए समर्पित विभूतियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री सम्मान से अलंकृत श्री कंवल सिंह चौहान जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री जगदीश लाल पाहवा को समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए श्रेष्ठ एनजीओ सम्मान पुरस्कार 2026 से अलंकृत किया गया। साथ ही वरिष्ठ समाजसेवी श्री परमानन्द पोपली जी को भी उनके सराहनीय सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि श्री जगदीश लाल पाहवा लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, सामाजिक जागरूकता, वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण एवं समाज के वंचित वर्गों के उत्थान हेतु निरंतर सक्रिय हैं। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, सकारात्मक सोच एवं समाजहित में किए जा रहे प्रयास उन्हें एक विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं।
सम्मान प्राप्त करने पर श्री पाहवा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “यह सम्मान केवल मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी समर्पित सहयोगियों, समाजसेवियों एवं संस्थाओं का सम्मान है, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज की बेहतरी के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। समाजसेवा मेरे लिए केवल एक कार्य नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है।”
उन्होंने कहा कि देशभर की लगभग 100 समाजसेवी संस्थाओं के बीच हरिद्वार का प्रतिनिधित्व करते हुए सम्मान प्राप्त करना अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी क्षण है। ऐसे राष्ट्रीय सम्मान समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को और अधिक बढ़ाते हैं तथा नई ऊर्जा, उत्साह एवं संकल्प के साथ जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
श्री पाहवा ने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए आयोजन समिति एवं बियॉन्ड द थर्ड आई न्यूज़ का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, वरिष्ठ नागरिकों के हितों की रक्षा एवं जनकल्याण के कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
हरिद्वार के दोनों वरिष्ठ समाजसेवियों को राष्ट्रीय मंच पर मिला यह सम्मान न केवल धर्मनगरी के लिए गौरव का विषय है, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत सभी संस्थाओं एवं भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का संदेश भी है।

