*सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला उद्योग केंद्र में आयोजित हुआ ‘वोकल फॉर लोकल’ जागरूकता कार्यक्रम**स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों एवं शिल्पकारों के उत्पादों को बढ़ावा देने पर दिया जोर**सॉफ्ट टॉय प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित, स्थानीय उत्पादों की लगाई गई प्रदर्शनी*
*हरिद्वार, 30 सितम्बर 2026*
राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार के सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में ‘वोकल फॉर लोकल’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए स्थानीय उद्यमियों एवं उनके उत्पादों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी द्वारा अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करने के उपरांत दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों, शिल्पकारों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को प्रोत्साहित करना तथा आमजन को स्थानीय उत्पादों को अपनाने के लिए जागरूक करना रहा। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार द्वारा बहादरपुर जट्ट गांव में आयोजित 25 दिवसीय सॉफ्ट टॉय प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न सॉफ्ट टॉय उत्पादों को कार्यक्रम में आयोजित प्रदर्शनी में भी प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में स्थानीय उद्यमियों एवं विभिन्न इकाइयों द्वारा तैयार उत्पादों के साथ-साथ जिला उद्योग केंद्र के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से तैयार किए गए उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए। राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों तथा प्रशिक्षणार्थियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में मेदांश इंडस्ट्रीज की डॉ. अनु बाला ने पारंपरिक एवं प्राचीन पद्धतियों से तैयार किए जा रहे उत्पादों के संबंध में जानकारी दी। सुश्री वैशाली शर्मा ने सामाजिक हित एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी साझा की। मोक्षा इंडस्ट्री की विदुषी ने ओडीओपी के अंतर्गत तैयार किए जा रहे शहद उत्पादों के संबंध में जानकारी दी। इसी क्रम में विभूति ने जींस, टी-शर्ट आदि पर विभिन्न प्रकार के डिजाइन एवं प्रिंट तैयार कर विकसित किए जा रहे अपने स्टार्टअप के बारे में जानकारी दी। वहीं हिमेश कपूर ने ऑटोमोबाइल क्षेत्र से संबंधित स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों एवं अपने उद्यम के बारे में जानकारी साझा की। इस दौरान स्थानीय उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं विभागीय मार्गदर्शन से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने में सहायता मिल रही है। राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने स्थानीय उत्पादों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से उद्यमियों, कारीगरों एवं शिल्पकारों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आमजन से स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक अपनाने तथा इनके प्रचार-प्रसार में सहयोग करने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने स्थानीय उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को बाजार से जोड़ना और उन्हें व्यापक पहचान दिलाना ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की महत्वपूर्ण दिशा है। उन्होंने उद्यमियों को गुणवत्ता, नवाचार एवं बेहतर विपणन के माध्यम से अपने उत्पादों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय उत्पादों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस कार्यक्रम में सुश्री विदुषी सैनी, सुश्री वैशाली शर्मा, श्रीमती अतीत टम्टा मास्टर ट्रेनर सॉफ्ट टॉय, श्रीमती सरिता सिंह हिमेश कपूर, प्रेम चंद्र सैनी, सुश्री विभूति,सहायक प्रबंधक दिनेश चन्द्र आर्य, अखिलेश सती, सुभाष शर्मा आदि उपस्थित रहे।




