खाई में गिरी ईको, आठ महिलाओं की मौत, चार घायल
बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर गांव लौट रही थीं महिलाएं, कलवाड़ी के पास हुआ हादसाय मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या यूके 15 टीए 2152 में कुल 12 लोग सवार थे। हादसे में जान गंवाने वालों में कई महिलाएं शामिल हैं, जो भंगनवांन गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि महिलाएं बैंणी-भुली योजना का फॉर्म भरकर वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से पुलिस एवं प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी के कलवाड़ी में हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

