केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने किया आकांक्षी जनपद हरिद्वार का भ्रमण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट एवं पेयजल योजना का किया निरीक्षण
जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं को शत-प्रतिशत पूर्ण करने तथा उनके संचालन एवं रखरखाव के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
हरिद्वार, 21 अक्टूबर
जनपद हरिद्वार के भ्रमण पर आए केंद्रीय जल शक्ति एवं रेल राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना ने आज ग्राम पंचायत बहादराबाद स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संचालित योजनाओं की प्रगति, कार्यप्रणाली एवं रखरखाव की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के निरीक्षण के दौरान माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री ने क्षेत्र से एकत्रित किए जाने वाले कूड़े के पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में स्वजल एवं जिला पंचायत विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने पर जोर दिया।
इसके उपरांत उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय उपभोक्ताओं से संवाद कर पेयजल की गुणवत्ता, उपलब्धता एवं आपूर्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल योजना के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण, संचालन एवं अनुरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं का दीर्घकालिक एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए समुदाय की भागीदारी आवश्यक है।
माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री ने उपस्थित संबधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल योजनाओं का संचालन करने वाले कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, ग्राम स्तर पर गठित पेयजल एवं स्वच्छता समितियों को भी योजना के संचालन, रखरखाव एवं नियमित देखरेख के संबंध में प्रशिक्षित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को निरंतर प्राप्त होता रहे।
इस अवसर पर भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संयुक्त सचिव श्री डी. सेंथिल पांडियन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि नव-निर्मित पेयजल योजनाओं को विभाग द्वारा 15 दिनों तक संचालित कर उनकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाए। इस अवधि में सामने आने वाली कमियों को चिह्नित कर उनका आवश्यकतानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री ने स्वच्छता कार्यों में उपयोग किए जा रहे वैक्यूम सक्शन वाहन का भी निरीक्षण किया तथा इसकी कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वाहन का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की तथा उनकी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के उपरांत माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री ने डाम कोठी में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा उनके प्रभावी संचालन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना जनपद आगमन पर प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र ने गंगाजली भेंटकर स्वागत किया तथा उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री को आश्वस्त किया है कि उनके द्वारा जो भी दिशा निर्देश दिए गए है,उनका संबंधित अधिकारियों से अनुपालन कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, प्रबंध निदेशक जल जीवन मिशन एवं अपर सचिव पेयजल एवं स्वच्छता श्रीमती झरना कमठान, राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन की श्रीमती हिमाली जोशी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश विश्नोई, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम राजेश गुप्ता, जल संस्थान के विपिन चौहान, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल,परियोजना प्रबंधक स्वजल चन्द्रकांत मणि त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

