गंगा का लेवल 293 मीटर जलस्तर के बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर
हरिद्वार:-पहाड़ से लेकर मैदान तक लगातार हो रही बारिश हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया। जहां हरिद्वार के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, वहीं गंगा नदी अलर्ट लेवल तक पहुंच गई। भीमगोड़ा बैराज पर श्रीनगर डैम और पशुलोक बैराज से गंगा नदी का जलस्तर 293 मीटर दर्ज किया गया। गंगा में अतिरिक्त जल छोड़े जाने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट पर है। वहीं गंगा का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बन गया है।
लिहाजा मैदानी इलाकों में अलर्ट जारी किया गया और सिंचाई विभाग के अधिकारी जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। दरअसल मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा पहले ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। लगातार हो रही बारिश के चलते ऊपरी डैम से पानी छोड़ा गया।
मंगलवार को गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान पर दर्ज होने के बाद गंगा के तटीय क्षेत्रों पर आपदा का खतरा मंडराने लगा। गंगा के जल स्तर पर सतर्क निगाह रखी जा रही है। यूपी सिंचाई विभाग के जेई हरीश कुमार ने बताया कि गंगा नदी 293 मीटर पर बह रही है। पल पल की अपडेट उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन को बताई जा रही है।

